नोएडा में मकान की छत से कूदे युवक-युवती, युवक की मौत

0

नोएडा। उत्तर प्रदेश में नोएडा के सेक्टर-24 थाना क्षेत्र के अंतर्गत चौड़ा गांव में सोमवार को एक मकान की छत से युवक और युवती के कूदने की घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रुप से घायल हो गई।

पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया गया कि सूचना मिलते ही सेक्टर-24 थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि करीब 20 वर्षीय युवती की हालत नाजुक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर कर दिया गया।

मृतक युवक की पहचान पुनीत (35), पुत्र कृष्णपाल सिंह, निवासी ग्राम उल्देपुर, जिला मेरठ के रूप में हुई है। वहीं युवती थाना सेक्टर-58 क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। घटना के समय दोनों सेक्टर-22 स्थित एक मकान की छत पर मौजूद थे, जहां से उन्होंने छलांग लगाई।

घटना की सूचना मिलते ही युवती के परिजन मौके पर पहुंच गए, जबकि युवक के परिवार को भी जानकारी दे दी गई है। पुलिस अधिकारियों और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस ने युवक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल सेक्टर-24 थाना पुलिस सभी पहलुओं—आत्महत्या या अन्य किसी कारण—को ध्यान में रखते हुए गहन जांच कर रही है।

प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और दोनों के संबंधों व घटना से पहले की परिस्थितियों को खंगाल रही है, ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने लाई जा सके।