बारां में कृषि संयुक्त निदेशक 8000 रुपए की रिश्वत लेते अरेस्ट

1

बारां। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को कृषि विस्तार बारां के संयुक्त निदेशक को आठ हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

ब्यूरों के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार एसीबी चौकी बारां ने कार्रवाई करते हुए संयुक्त निदेशक आनंदीलाल मीणा को परिवादियों से उनके खाद, बीज एवं कीटनाशक के स्टॉक रजिस्टर को वेरिफाई करने की एवज में एक परिवादी से पांच हजार रुपए एवं दूसरे परिवादी से तीन हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

ब्यूरो की एसीबी चौकी बारां को गत चार मई को शिकायत पेश कर अवगत कराया गया कि मीणा कृषि कार्य, दवाई एवं खाद विक्रेताओं से खाद, बीज एवं कीटनाशक के स्टॉक रजिस्टर वेरिफाई करने की एवज में पांच-पांच हजार रुपए की रिश्वत की मांग कर रहे है। इस पर बुधवार को रिश्वत मांग का सत्यापन कराया गया।

इसके बाद ब्यूरो टीम ने आनन्दीलाल को दो परिवादियों से पांच एवं तीन हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक पुलिस एस परिमला निगरानी में आरोपी से पूछताछ की जा रही है।