टोंक। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को कार्यालय जिला खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण टोंक के कम्प्यूटर ऑपरेटर (संविदाकर्मी) सोनू पंवार को 13 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
ब्यूरो के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी टोंक को एक शिकायत मिली कि परिवादी से मेडिकल स्टोर के लाईसेन्स के लिए आवेदन करने पर आरोपी सोनू पंवार हाल कम्प्यूटर ऑपरेटर (संविदाकर्मी) कार्यालय जिला खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण टोंक रिश्वत की मांग कर रहा है।
एसीबी के मांग सत्यापन कराने पर आरोपी सोनू द्वारा 15 हजार रुपए रिश्वत राशि की मांग कर परिवादी द्वारा कम करने की कहने पर 13 हजार रुपए देना तय हुआ।
इसके बाद एसीबी टीम ने ट्रेप कार्यवाही करते हुए आरोपी सोनू पंवार को परिवादी से 13 हजार रुपए की रिश्वत अपने कार्यालय में अपने हाथो में लेकर अपनी पेन्ट की जेब में रखी तथा एसीबी टीम को देखते ही राशि अपनी पेन्ट की जेब से निकाल कर अपने कार्यालय कक्ष के गेट के पास फर्श पर फेंक दी जहां से रिश्वत राशि बरामद हुई।
आरोपी को रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया गया। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक एस. परिमाला के सुपरवीजन में आरोपी से पूछताछ तथा कार्यवाही जारी है।



