रेडक्यूब डिजिटल प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ के खिलाफ इंटर्न के यौन उत्पीड़न का केस दर्ज

1

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में एक प्राइवेट कंपनी रेडक्यूब डिजिटल प्राइवेट लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अजय प्रकाश के खिलाफ कंपनी की इंटर्न ने यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है।

दक्षिण दिल्ली की रहने वाली पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसे गंभीर परिणामों की धमकी दी है। अपनी शिकायत के अनुसार उसने 2025 में बतौर एक इंटर्न कंपनी जॉइन की थी। पीड़िता ने बताया कि जिस दिन मैंने कंपनी जॉइन की, मुझे सीईओ अजय प्रकाश और उनकी पत्नी (जो कंपनी में निदेशक हैं) का व्यवहार अच्छा नहीं लगा। अजय प्रकाश मुझे मेरे व्हाट्सप नंबर पर बे-वक्त कॉल किया करते थे।

उसने आरोप लगाया कि सीईओ को पता था कि वह दिल्ली में अकेली है और उसने इस स्थिति का फायदा उठाने की कोशिश की। उसने कहा कि अजय प्रकाश उसे छोटी-मोटी बातों के लिए भी अपने केबिन में बुलाते लेकिन वह हमेशा काम से मतलब रखती रही।

पीड़िता ने सीईओ पर आरोप लगाया कि काम के दौरान अनुचित शब्दों का इस्तेमाल करते और जब वह अपनी डेस्क पर होती, तो लगभग हर दिन सबके सामने, बगैर उसकी अनुमति के उसके कंधों और बालों को छूते थे। उसने आरोप लगाया कि उसे चुप रहने और ऑफिस में उसके साथ हुई किसी भी घटना के बारे में किसी को न बताने की धमकी दी गई थी, वरना वे उसका करियर बर्बाद करने की धमकी देते।

पीड़िता ने कहा कि 15 अप्रैल 2026 को नौकरी छोड़ने के बाद 24 अप्रैल, 2026 को मेरी परीक्षा थी। उस परीक्षा में बैठने के लिए मुझे कंपनी से चार महीने की इंटर्नशिप का सर्टिफिकेट चाहिए था। मैंने कंपनी के एचआर को मौखिक और शारीरिक उत्पीड़न की पूरी घटना के बारे में ईमेल किया, जिस पर अजय प्रकाश ने स्थिति का तोड़-मरोड़कर जवाब दिया।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि एचआर हिना खान ने उसे इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया और उसके बाद उसे कोई भी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि शिकायतकर्ता ने एम/एस रेडक्यूब डिजिटल प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ अजय प्रकाश के खिलाफ कार्यस्थल पर यौन-संकेत वाले शब्दों का इस्तेमाल, छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न की घटनाओं के साथ-साथ जान से मारने की गंभीर धमकियां देने का आरोप लगाया है। रेडक्यूब से संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन इस मामले पर टिप्पणी करने के लिए कोई भी उपलब्ध नहीं हो पाया।