झुंझुनूं में 14 वर्षीय छात्रा से वरिष्ठ शिक्षक ने की छेड़छाड़, केस दर्ज

0

झुंझुनूं। राजस्थान में झुंझुनूं जिले के बुहाना थाना क्षेत्र में पथाना गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में एक 59 वर्षीय वरिष्ठ शिक्षक पर 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा से अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है।

मामला उजागर होने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। इसके बाद ग्रामीणों ने विद्यालय के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया। पुलिस ने पीड़िता के पिता की शिकायत पर यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज करके आरोपी शिक्षक की तलाश शुरू कर दी है।

छात्रा के पिता ने शिकायत दर्ज करवाते हुए पुलिस को बताया कि 20 जुलाई को उसकी पुत्री विद्यालय गई थी। विद्यालय में पदस्थ वरिष्ठ शिक्षक राजवीर (59) ने कक्षा के अन्य छात्रों को बाहर भेज दिया और दरवाजा बंद करके छात्रा से गलत नीयत से अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ की। अध्यापक ने छात्रा को डराया धमकाया।

डरी-सहमी छात्रा ने घर पहुंचकर अपनी मां को पूरी आपबीती सुनाई। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी पक्ष की ओर से राजीनामा करने का भारी दबाव बनाया जा रहा था। घटना के संबंध में प्रिंसिपल और स्टाफ को सूचित करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

इस घटना के विरोध में शुक्रवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्यालय के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया और पचेरी कलां पुलिस थाने पहुंचकर आरोपी शिक्षक राजवीर के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करवाई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग तुरंत हरकत में आया। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक शर्मा के निर्देशों पर दो महिला प्रिंसिपल सहित तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया। शनिवार को समिति जांच के लिए पथाना विद्यालय पहुंची।

ग्रामीणों के भारी विरोध और आक्रोश को देखते हुए शर्मा ने आरोपी वरिष्ठ अध्यापक राजवीर को तुरंत प्रभाव से विद्यालय से कार्यमुक्त करके उसका मुख्यालय मुख्य जिला शिक्षाधिकारी कार्यालय झुंझुनूं कर दिया है। स्कूल के प्रिंसिपल सुभाष ने बताया कि घटना के बाद से ही आरोपी शिक्षक विद्यालय नहीं आ रहा है। जिस पर विभागीय नियमों के तहत उसके खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।