हनुमानगढ़ में युवती को बंधक बनाकर अस्मत लूटी

1

हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के रावतसर की एक युवती ने इस्तगसे के जरिए आठ व्यक्तियों के खिलाफ साजिशपूर्वक अपहरण, बंधक बनाकर बार-बार दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाने का मामला दर्ज कराया है।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि युवती ने आरोप लगाया है कि आरोपी उसे पिछले वर्ष जून में घर से अगवा करके नोएडा दिल्ली-एनसीआर ले गए वहां तीन महीने तक एक पीजी हॉस्टल में कैद रखा और सुभाष ने उसके साथ बार-बार दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के दौरान उसे जबरन गर्भनिरोधक गोलियां खिलाई गईं।

पुलिस सूत्रों ने बताया युवती पिछले वर्ष जून 2025 में अपने घर से अचानक लापता हो गई थी। उसके पिता ने रावतसर थाने में गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कराई और जोधपुर हाईकोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका भी दायर की। याचिका के आधार पर पुलिस ने 29 अगस्त 2025 को युवती को दिल्ली से सकुशल बरामद कर लिया।

बरामदगी के बाद युवती ने रावतसर थाना प्रभारी पुलिस अधीक्षक और बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक को प्रार्थना-पत्र भेजकर आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज करने की मांग की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद युवती ने एक अधिवक्ता के माध्यम से रावतसर न्यायालय में इस्तगासा दायर किया। अदालत के आदेश पर अब रावतसर पुलिस ने सुभाष शारदा, रांचल, विनोदसिंह, चुन्नीलाल, माया और तीन अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

खेत की डिग्गी में गिरने से दो युवकों की मौत

हनुमानगढ़ जिले के टिब्बी थाना क्षेत्र के सालीवाला गांव में शनिवार को सुबह खेत में पौधों को पानी देने के लिए टैंकर भरते समय दो युवकों की गहरी डिग्गी में गिरने से मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सालीवाला गांव के चक 8-एसबीएन रोही स्थित एक खेत में रविंद्रकुमार मेघवाल (22) और शाहरुख (21) सुबह करीब साढ़े नौ बजे पानी का टैंकर भरने गए थे। डिग्गी से पानी खींचते समय दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में गिर पड़े।

डिग्गी काफी गहरी होने के कारण दोनों तुरंत डूब गए। घटना के करीब दो घंटे बाद जब सूचना मिली तब ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर मशक्कत के बाद दोनों के शवों को बाहर निकाला।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक रमेशचंद्र माचरा और टिब्बी थानाधिकारी हंसराज लूणा पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शव टिब्बी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिए।