भरतपुर। साइबर ठगों को फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध कराने की आरोपी इनामी साइबर ठग महिला को राजस्थान में डीग की बृजनगर थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश के इटावा से गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि देश भर में लोगों को साइबर ठगी का शिकार बनाने के लिए साइबर ठगों को फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध कराने के गोरखधंधे में लिप्त आरोपी महिला के खिलाफ साइबर ठगी और धोखाधड़ी के करीब छह मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि वह लंबे समय से पुलिस के निशाने पर थी। लगातार ठिकाने बदलकर छुप रही थी। उससे पूछताछ की जा रही है।
रेलवे कोच से महिला का बैग चुराकर भागे बदमाश गिरफ्तार
भोपाल-जोधपुर रेलमार्ग पर राजस्थान के सवाई माधोपुर में चौथ का बरवाड़ा रेलवे स्टेशन पर रविवार को भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस ट्रेन के एसी कोच से महिला का बैग चोरी करके भाग रहे तीन बदमाशों को स्टेशन स्टाफ और अन्य लोगों ने धरदबोचा।
राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) सूत्रों ने बताया कि आरोपी के पास से बरामद बैग में रखा महिला का पर्स, 1570 रुपए नगद, चांदी की अंगूठी और अन्य सामान सुरक्षित मिल जाने पर पीड़ित महिला ने हालांकि मामला दर्ज कराने से मना कर दिया, लेकिन जीआरपी आरोपी के खिलाफ ने मामला दर्ज किया है।



