मणिपुर में दो समूहों के बीच भड़की हिंसा में 4 की मौत, 38 अगवा

0

इम्फाल। मणिपुर में दो समूहों के बीच फिर से भड़की हिंसा में अज्ञात व्यक्तियों ने अलग-अलग समुदायों के चार लोगों की हत्या कर दी है और 38 से अधिक लोगों को बंधक बना लिया है।

राज्य के गृह मंत्री के गोविंदस ने कहा है कि अगवा किए गए लोगों को सुरक्षित छुड़ाने के प्रयास जारी हैं। बुधवार को जैसे ही हत्याओं की खबर फैली, दोनों समुदायों के लोगों ने अलग-अलग इलाकों में दूसरे संघर्षरत समुदायों के लोगों का अपहरण करना शुरू कर दिया।

गृह मंत्री ने अगवा किए गए लोगों का विवरण साझा नहीं किया। उन्होंने आज जेएनआईएमएस अस्पताल का दौरा किया, जहां उनके साथ विधायक अवांगबो न्यूमई, काशिम वाशुम, जमेनलुंग पामेई और दीपू गंगमेई भी मौजूद थे। वे यहाँ नोनी जिले के डोलंग गांव के रहने वाले विल्सन थंगा के शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने पहुंचे थे।

गोविंदस ने कहा कि विल्सन थंगा ने जौजंगटेक में संदिग्ध उग्रवादियों द्वारा किए गए कायराना हमले में अपनी जान गंवा दी, जबकि दो अन्य घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी जघन्य हरकतें उन लोगों द्वारा की जा रही हैं जो मणिपुर में शांति, सदभाव और एकता को भंग करना चाहते हैं। थंगा की कल गोली मारकर हत्या कर दी गई थी और उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए जेएनआईएमएस लाया गया था।

बुधवार को कांगपोकपी जिले में भी तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस बीच, मणिपुर के नौ नागा विधायकों ने सभी से अगवा किए गए व्यक्तियों को सुरक्षित रिहा करने की अपील की है।