अलवर में ट्रेलर के पीछे टकराई कार, एक की मौत, 4 घायल

0

अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक कार के एक ट्रेलर के पीछे टकराने से एक युवक की मौत हो गई जबकि चार अन्य घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि एक कार चालक चार लोगों को जयपुर से दिल्ली के हवाई अड्डे पहुंचाने जा रहा था। तभी इंदपुर के समीप दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर कार आगे चल रहे ट्रेलर के पीछे से टकरा गई। इससे कार में सवार चालक सहित सभी लोग घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ौदामेव ले जाया गया। वहां चिकित्सक ने जांच के बाद मनीष कुमार निवासी किशनगढ़ रेनवाल, जयपुर को मृत घोषित कर दिया।

गंभीर रूप से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेज दिया गया। घायलों में भानु प्रताप, राजेश, अजय और कमलेश (सभी जयपुर निवासी) शामिल हैं। ये सैमसंग मोबाइल की ओर से थाईलैंड ट्रिप पर जा रहे थे और इनकी दिल्ली से थाईलैंड जाने की फ्लाइट बुक थी।

ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत

अलवर के राजगढ़-बांदीकुई रेल मार्ग के मध्य गोठ की चौकी के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार को सुबह एक कुत्ता मृतक व्यक्ति का एक पैर लेकर भैरू सागर गांव में पहुंचा। उसके बाद उक्त कुत्ता पुनः घटना स्थल पर पहुंचा। इस मामले की सूचना पुलिस ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव राजगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के शवगृह में रखवाया। पुलिस मृतक की शिनाख्त के प्रयास कर रही है।