भीलवाड़ा में मोटरसाइकिल के ट्रक की चपेट में आने से 3 लोगों की मौत

0

भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा के मांडल क्षेत्र में शुक्रवार सुबह मोटरसाइकिल के ट्रक की चपेट में आने से दो पुलिसकर्मियों सहित तीन लोगों की मौत हो गई। रेलवे परिसर से बाइक चोरी के आरोपी को लेकर दो रेलवे पुलिसकर्मी रायला से भीलवाड़ा की ओर जा रहे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र में जयपुर-उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-48 पर मांडल चौराहे के पास एक ट्रक ने इन लोगों की मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया जिससे दोनों पुलिसकर्मियों की मौके पर मृत्यु हो गई जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसने बाद में दम तोड़ दिया।

सूचना मिलने पर सुबह करीब पांच बजे 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को मांडल उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया लेकिन रेलवे पुलिस में हैड कांस्टेबल लेखराज बागड़ी (55), निवासी किशनगढ़ और पुलिसकर्मी रविंद्र कुमार जाट (48) पहले ही दम तोड़ चुके थे।

हादसे में गंभीर रुप से घायल छोटू भील (40) की गंभीर स्थिति के मद्देनजर उन्हें उच्च केंद्र के लिए रेफर किया गया लेकिन बाद में उसने भी दम तोड़ दिया।

अधेड़ अपहृत सकुशल मुक्त, दो आरोपी अरेस्ट

भीलवाड़ा के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में एक अधेड़ के अपहरण के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत को सकुशल मुक्त करा लिया है। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले दो सगे भाइयों को गिरफ्तार करके अदालत में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, अपहृत व्यक्ति का बेटा एक युवती को भगा ले गया था, इसी रंजिश और विवाद के चलते आरोपियों ने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि राजूलाल बंजारा (50) पशुओं के लिए रिजका लेने के लिए घर से निकले थे। उन्हें दो लोग अपहरण करके ले गये। दिनदहाड़े अपहरण की वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए गाडरमाला के घने जंगलों में दबिश दी।

पुलिस की अचानक घेराबंदी देखकर आरोपी घबरा गए। पुलिस ने मौके से दो राजूलाल बंजारा को आरोपियों के चंगुल से सकुशल मुक्त करवा लिया। इस मामले में करमा और श्यामलाल बंजारा को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।