क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर में 135 लड़कों और 17 लड़कियों ने लिया भाग

1
सिरोही में जिला क्रिकेट संघ की ओर से आयोजित निशुल्क प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षण लेते प्रतिभागी।

सबगुरु न्यूज-सिरोही।जिला क्रिकेट संघ सिरोही की ओर से सिरोही स्थित अरविंद पेवेलियन में आयोजित निःशुल्क क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन खिलाड़ियों में क्रिकेट के प्रति उत्साह और अधिक बढ़ा हुआ नजर आया।

जिला क्रिकेट संघ सिरोही के अध्यक्ष विक्रम देवासी ने बताया की शिविर के दूसरे दिन कुल 135 युवकों खिलाड़ी एवं 17 महिला खिलाड़ी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में अभिभावक अपने-अपने बालकों को उत्साहपूर्वक प्रशिक्षण शिविर में लेकर पहुंचे।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान खिलाड़ियों को अलग-अलग आयु वर्गों में बांटकर समूह (ग्रुप) बनाकर अभ्यास करवाया गया। खिलाड़ियों को बैटिंग, बॉलिंग, फील्डिंग एवं फिटनेस की बारीकियों का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही खिलाड़ियों के बीच प्रैक्टिस मैच भी आयोजित किए गए। जिनमें खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

 

खिलाड़ियों के बेहतर अभ्यास को ध्यान में रखते हुए ग्राउंड में स्पेशल प्रैक्टिस नेट की व्यवस्था की गई है। जिससे खिलाड़ियों को तकनीकी रूप से मजबूत अभ्यास का अवसर मिल रहा है। वहीं, खिलाड़ियों के बेहतरीन स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए उन्हें नियमित रूप से दूध एवं फ्रूट उपलब्ध करवाए जा रहे हैं, ताकि उनका शारीरिक एवं मानसिक विकास बेहतर हो सके।

सीनियर महिला क्रिकेट टीम के चयन ट्रायल में महिला खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिला क्रिकेट संघ द्वारा बताया गया कि शिविर के माध्यम से खिलाड़ियों की प्रतिभाओं को निखारकर सीनियर क्रिकेट प्रतियोगिता (कोल्विन शील्ड), सीनियर महिला क्रिकेट प्रतियोगिता, अंडर-19, अंडर-16 एवं अंडर-23 क्रिकेट प्रतियोगताओं में भेजा जाएगा।

जिला क्रिकेट संघ पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी दिनों में भी खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन और प्रैक्टिस मैचों के माध्यम से बेहतर अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे, जिससे जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच मिल सके। शिविर व प्रशिक्षण गतिविधियां जिला क्रिकेट संघ के सचिव राजेश माथुर, संजीव सांखला, भरत प्रजापत, नारायण राँगी, हरी ओम दत्ता, कमल सगरवंशी, सुरेश कुमार, पूजा सिंह भायल एवं अनील शर्मा के सानिध्य में हुई।