श्रीगंगानगर में 5 करोड़ रुपए मूल्य के मादक पदार्थ जलाकर नष्ट

0

श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर जिला पुलिस ने मादक द्रव्य एवं मनोत्तेजक पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत विभिन्न मामलों में जब्त किए गए मादक पदार्थों को शनिवार को एक ईंट भट्टे पर जला कर नष्ट किया गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि कुल पांच करोड़ 11 लाख रुपये से अधिक मूल्य के इन मादक पदार्थों को नष्ट करने की कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव के निर्देशन में की गई।

हरिशंकर ने बताया कि एनडीपीएस अधिनियम के तहत नष्ट किए गए मादक पदार्थों के निस्तारण के लिए न्यायालय से भौतिक सत्यापन कराया जा चुका था। नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 569 किलो 104 ग्राम पोस्त, 16 किलो 539 ग्राम गांजा, एक किलो 979 ग्राम हेरोइन/स्मैक और 5365 नशीली गोलियां शामिल हैं। इन सभी पदार्थों का कुल मूल्य पांच करोड़ 10 लाख 89 हजार 510 रुपये है।

सात लाख रुपए की साइबर ठगी का मामला दर्ज

श्रीगंगानगर के साइबर थाने में एक बार फिर ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। सादुलशहर कस्बा निवासी चिमनलाल ने साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उससे ऑनलाइन फ्रॉड के जरिए कुल सात लाख 18 हजार 316 रुपये की ठगी की गई है।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि चिमनलाल ने अपनी शिकायत में बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने गलत पहचान बनाकर झांसा देकर उससे सात लाख रुपए से अधिक की राशि हड़प ली। साइबर पुलिस ने शिकायत पर तुरंत संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरु कर दी है।