उत्तराखंड के शिवपुरी में गंगा स्नान के दौरान राजस्थान का युवक डूबा

0

टिहरी। उत्तराखंड में टिहरी गढ़वाल जिले शिवपुरी स्थित नमामि गंगे घाट पर शनिवार को गंगा नदी में स्नान के दौरान एक युवक तेज बहाव में बहकर लापता हो गया। सूचना मिलते ही राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची और डीप डाइविंग टीम द्वारा तलाश अभियान शुरू किया गया।

जानकारी के अनुसार आज दोपहर करीब 1:30 बजे थाना मुनिकीरेती को सूचना मिली कि शिवपुरी में नमामि गंगे घाट के पास पांच युवक गंगा नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान राजस्थान निवासी 24 वर्षीय वेद प्रकाश पुत्र गिरिराज अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते तेज बहाव में डूब गया।

बताया गया कि वेद प्रकाश निवासी चचियावास, अलवर (राजस्थान) अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए उत्तराखंड आया था। सभी युवक राजस्थान की एक फैक्ट्री में काम करते हैं। साथियों ने युवक को बचाने का प्रयास किया लेकिन नदी का बहाव अधिक होने के कारण वह पानी में ओझल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की डीप डाइविंग टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्र में गंगा नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मौके पर स्थानीय पुलिस और आपदा राहत बल की टीमें भी मौजूद हैं। युवक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।

एसडीआरएफ ने लोगों से अपील की है कि वर्तमान में गंगा नदी का जलस्तर और बहाव काफी तेज है। ऐसे में अनजान एवं गहरे स्थानों पर स्नान न करें तथा घाटों पर लगाए गए चेतावनी बोर्डों का पालन अवश्य करें।