अजमेर। भारतीय डाक विभाग अजमेर मंडल द्वारा अजमेर शहर, किशनगढ़ और पुष्कर में नई फ्रैंचाइजी आउटलेट खोलने के लिए पात्र आवेदकों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इन आउटलेट्स के माध्यम से स्पीड पोस्ट बुकिंग, स्पीड पोस्ट पार्सल और इंडिया पोस्ट पार्सल (रिटेल) डिलीवरी की सेवाएं प्रदान की जाएंगी।
मण्डल के प्रवर अधीक्षक डाकघर ने बताया कि इस फ्रैंचाइजी को संचालित करने के लिए आवेदक की आयु कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए। उसे किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता प्राप्त होनी चाहिए। साथ ही आवेदक को स्थानीय भाषा के साथ-साथ अंग्रेजी का सामान्य ज्ञान भी होना अनिवार्य है।
डिलीवरी कार्य के लिए आवेदक के पास अपना अथवा किराए का दो या चार पहिया वाहन और वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना आवश्यक है। फ्रैंचाइजी संचालन के लिए आवेदक के पास कम से कम 50 वर्गफीट की जगह होनी चाहिए। इसमें कंप्यूटर या स्मार्टफोन, प्रिंटर, स्कैनर और वजन करने वाली मशीन की उपलब्धता सुनिश्चित करनी होगी।
उन्होंने बताया कि चयनित आवेदक को सुरक्षा राशि के रूप में 10 हजार रुपये एनएससी, केवीपी अथवा टीडी के रूप में जमा कराने होंगे। ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 मई निर्धारित की गई है। इच्छुक उम्मीदवार विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://app.indiapost.gov.in/customer-selfservice/login पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए आवेदक किसी भी कार्यदिवस में सुबह 9.30 बजे से शाम 6 बजे तक प्रवर अधीक्षक डाकघर अजमेर मंडल के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।



