जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने राज्य में विपक्ष के नेताओं के आरोपों पर पलटवार करते हुए मंगलवार को कहा कि वह पेट्रोल-डीजल एवं गैस को लेकर अनावश्यक भ्रम फैलाकर केवल राजनीति करने की कोशिश कर रहा हैं।
राठौड़ ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं को भाजपा कार्यालय का घेराव करने से पहले आत्ममंथन करना चाहिए। जिन घटनाओं को लेकर वे आरोप लगा रहे हैं, उनका भाजपा से कोई संबंध नहीं है। यह सब कांग्रेस से जुड़े लोगों का ही किया हुआ कारनामा है। इसमें भाजपा का कोई दोष नहीं है।
गैस तेल संकट पर राठौड़ ने कहा कि विपक्ष केवल राजनीति करने की कोशिश कर रहा है। इस प्रकार की हल्के स्तर की राजनीति करना उचित नहीं है। विपक्ष अच्छी तरह जानता है कि वर्तमान में गल्फ देशों में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और वहां युद्ध जैसे हालात हैं। उत्पादन केंद्रों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है, इसके बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देशहित में प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रही है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष को बेवजह भ्रम फैलाने के बजाय सरकार के प्रयासों की सराहना करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष गैस और पेट्रोल को लेकर अनावश्यक भ्रम फैलाकर केवल नाटकबाजी कर रहा है। प्रधानमंत्री ने केवल मितव्ययिता अपनाने और अनावश्यक खर्च से बचने की सलाह दी है। परिवार का मुखिया भी यही कहता है कि आवश्यक कार्य करें और अनावश्यक खर्च कम करें। वाहन शेयर करने जैसी अपील समाजहित और राष्ट्रहित में है, इसमें कुछ भी गलत नहीं है।
राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस नेता अशोक गहलोत तीन बार राजस्थान के मुख्यमंत्री रहे, लेकिन वे जोधपुर सहित प्रदेश में स्थायी जल व्यवस्था तक सुनिश्चित नहीं कर पाए। यह सोचने का विषय है कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद उन्होंने समुचित व्यवस्थाएं विकसित नहीं कीं। वर्तमान भाजपा सरकार जल संकट के समाधान के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है।
उन्हाेंने कहा कि जोधपुर में पानी की आपूर्ति सुचारु रूप से जारी है, हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों में कुछ समस्याएं सामने आई हैं। राज्य सरकार घर-घर जल पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। भाखड़ा बांध से क्लोजर आने के कारण कुछ समय के लिए परेशानी उत्पन्न हुई थी, लेकिन अब धीरे-धीरे व्यवस्थाएं सामान्य हो रही हैं।



