धौलपुर। राजस्थान में धौलपुर में रविवार को झांसी से दिल्ली जा रही कोयले से भरी एक मालगाड़ी के डिब्बे में तेज गर्मी से कोयले सुलग उठे।
रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भीषण गर्मी के कारण डिब्बे में भरा कोयला सुलगने लगा था। मालगाड़ी में तैनात गार्ड को जलने की गंध महसूस होने पर रेलवे स्टेशन मास्टर को सूचना दी। स्टेशन मास्टर ने मालगाड़ी को धौलपुर रेलवे स्टेशन पर रुकवा लिया गया। उससे पहले ही उन्होंने दमकल को बुलवा लिया, जिसने सुलग रहे कोयले पर पानी डालकर स्थिति को नियंत्रित किया।
समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया और आग को फैलने से पहले ही बुझा दिया गया। घटना के दौरान स्टेशन पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन किसी प्रकार के जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार स्थिति के पूरी तरह नियंत्रण में आने पर मालगाड़ी को आवश्यक जांच के बाद आगे के लिए रवाना किया गया।



