धौलपुर। राजस्थान के धौलपुर जिले में पंचायतीराज चुनाव की ड्यूटी की तैयारियों के दौरान सरमथुरा थाने में तैनात हेड कांस्टेबल भगवान स्वरूप मीणा की हृदयाघात से मौत हो गई। शुक्रवार देर रात हुई इस घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हेड कांस्टेबल भगवान स्वरूप मीणा पंचायतीराज चुनाव से संबंधित ड्यूटी की तैयारियों में जुटे हुए थे। शुक्रवार रात करीब 11 बजे वह खाना खाने के लिए अपने कमरे में पहुंचे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उनकी हालत देखकर मौके पर मौजूद साथी पुलिसकर्मियों ने तत्काल उन्हें सरमथुरा अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए करौली रेफर कर दिया। साथी पुलिसकर्मी उन्हें लेकर करौली रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इसके बाद उनके शव को करौली अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
पुलिस अधिकारियों ने जताया शोक
हेड कांस्टेबल के आकस्मिक निधन की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक छा गया। सरमथुरा थाना प्रभारी कैलाश चंद्र सामरिया ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि भगवान स्वरूप मीणा चुनाव संबंधी तैयारियों में लगे हुए थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और उपचार के लिए ले जाते समय उनकी मौत हो गई।
पुलिसकर्मियों के अनुसार भगवान स्वरूप मीणा शांत स्वभाव के व्यक्ति थे। उनके निधन पर पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडीएफ) बाड़ी श्रवण कुमार झोरड़ सहित धौलपुर पुलिस के अधिकारियों और जवानों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत हेड कांस्टेबल को श्रद्धांजलि अर्पित की।
गौरतलब है कि धौलपुर जिले में पंचायतीराज चुनाव के तहत बसेड़ी, राजाखेड़ा और सरमथुरा पंचायत समितियों में मतदान को लेकर पुलिस एवं प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई थीं। इसी चुनावी जिम्मेदारी के निर्वहन की तैयारियों के बीच एक पुलिसकर्मी की अचानक मौत से साथी जवानों में गहरा दुख है।



