कोलकाता। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की फाल्टा विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी देबांग्शु पांडा ने रविवार को हुई मतगणना में अपने निकटतम उम्मीदवार मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के शंभुनाथ कुर्मी को एक लाख से अधिक मतों से पराजित कर दिया। तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर खान चौथे स्थान पर रहे।
पांडा को कुल 1,49,666 मत प्राप्त हुए जबकि दूसरे स्थान पर रहे कुर्मी को कुल 40,645 वोट मिले। इस तरह पांडा की जीत का अंतर 1,09,021 मतों का रहा। तीसरे स्थान पर कांग्रेस के अब्दुर रज्जाक मोल्लाह रहे। उन्हें 10,084 वोट पड़े जबकि खान को महज 7783 मत ही मिले। निर्दलीय प्रत्याशी चंद्रकांत रॉय को 983 वोट और दीप हाती को 247 वोट मिले। वहीं, क्षेत्र के 784 मतदाताओं ने किसी भी उम्मीदवार पर भरोसा न जताते हुए नोटा का बटन दबाया।
यह विधानसभा सीट डायमंड हार्बर लोकसभा सीट के अंतर्गत आती है। यहां से तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी सांसद हैं। इसलिए इस सीट पर तृणमूल कांग्रेस का दबदबा माना जाता रहा है।
राज्य में 29 अप्रैल को हुए मतदान में इस सीट पर भी वोट डाले गए थे लेकिन गड़बड़ी के आरोपों के कारण यहां मतदान रद्द कर दिया गया। इसके बाद 21 मई को दोबारा मतदान हुआ और 88 प्रतिशत लोगों ने अपने मत डाले। इस जीत के साथ ही पश्चिम बंगाल विधानसभा की 294 सीटों में से भाजपा के पास 208 सीटें हो गई हैं।



