धूमधाम से निकली कलश यात्रा
पुष्कर/अजमेर। अधिक ज्येष्ठ मास के पावन अवसर पर पुष्कर के समीपवर्ती रैवत डूंगरिया खुर्द गांव स्थित जोगणिया कृषि फार्म बांया सा महाराज की बगीची में स्थापित मंशापूर्ण महामाई जोगमाया सातू बहना धाम में सोमवार को देवी शक्ति महापुराण कथा का विधिवत शुभारंभ श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ हुआ। कथा प्रारंभ होने से पूर्व निकाली गई भव्य कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल से सराबोर हो उठा।
सुबह 9 बजे विधिवत पूजा-अर्चना के साथ बांया सा महाराज का पूजन किया गया। इसके बाद दोपहर बाद डूंगरिया खुर्द बस स्टैंड से भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें महिलाएं सिर पर कलश धारण कर मंगल गीत गाते हुए चल रही थीं। गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और डीजे की भक्तिमय धुनों पर श्रद्धालु नाचते-गाते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए। यात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से होती हुई मंशापूर्ण बांया सा महामाई जोगणिया कृषि फार्म पहुंची, जहां देवी शक्ति महापुराण की पूजा-अर्चना कर कथा का शुभारंभ किया गया।
शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। जिला परिषद सदस्य महेन्द्र सिंह मझेवला का डूंगरिया खुर्द बस स्टैंड पर माल्यार्पण और साफा पहनाकर सम्मान किया गया। धार्मिक आयोजन में आसपास के गांवों सहित पुष्कर और अजमेर से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
इस अवसर पर एडवोकेट प्रशांत वर्मा, एएसआई रामेश्वर लाल, मृणालिनी सिंह, भंवरलाल मेहरड़ा (राशि भाई), शिवराज सिंह राठौड़, भीम सिंह राठौड़, एडवोकेट पुष्पेन्द्र भाटी सहित कई गणमान्यजन मौजूद रहे। भोपाल से आए शिखर स्थापक एवं खुशबू स्थापक तथा बड़ोदरा से खुशाली एश्योरेंस कम्पनी की एसोसिएट मैनेजर और महाराजा सियाजी राव यूनिवर्सिटी की मनोविज्ञान की छात्रा खुशी वर्मा ने भी आयोजन में भाग लेकर मां के दर्शन किए।
कथावाचक पंडित दिलीप शास्त्री ने संगीतमय शैली में देवी शक्ति महापुराण की कथा का वाचन कर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। कथा के दौरान उपस्थित भक्त भाव-विभोर होकर जयकारे लगाते नजर आए। डूंगरिया खुर्द के दशरथ सिंह राठौड़ और शंभू सिंह राठौड़ सहित अनेक श्रद्धालु मां की भक्ति में झूम उठे। आयोजन स्थल पर पूरे दिन धार्मिक उल्लास और भक्तिमय वातावरण बना रहा।


