शाहजहांपुर में फर्जी पेट्रोल पम्प संचालित कर नकली डीजल एवं पेट्रोल की बिक्री करने वाले 5 आरोपी अरेस्ट

0

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले थाना रोजा पुलिस टीम द्वारा मंगलवार को फर्जी पेट्रोल पम्प संचालित कर नकली डीजल एवं पेट्रोल की बिक्री करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 10 हजार लीटर तरल पदार्थ डीजल , पेट्रोल, केमिकल मिश्रण तथा फर्जी विक्रय लाइसेंस बरामद हुआ है।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार ने मंगलवार को बताया कि थाना रोजा क्षेत्र में 22 मई को पूर्ति निरीक्षक संजय कुमार यादव ने अपनी टीम के साथ मिलकर ग्राम डींगरपुर के पास बने पेट्रोल पम्प से अनाधिकृत रुप से डीजल एवं पेट्रोल की बिक्री करने के कारण पेट्रोल पम्प की डिस्पेंसिंग यूनिट नोजल एवं दो भूमिगत टैंक को सील किया गया था, जिसके सम्बन्ध में थाना रोजा पर धारा 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम पंजीकृत किया गया था। घटना को गंभीरता से देखते हुए पुलिस की दो टीमों का गठन किया गया था।

उन्होंने बताया कि थाना रोजा क्षेत्र के गांव गुर्री के पास से मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेरा बंदी कर पांच अभियुक्तों शिवराज वर्मा (55), पवन (32), अशरफ अली (37), बबलू (31) और रामवरन (35) को गिरफ्तार किया तथा मौके से पारदर्शी प्लास्टिक डिब्बा, फर्जी कूटरचित डीजल आयल बिक्री लाइसेंस, एक अदद पारदर्शी प्लास्टिक डिब्बा तथा प्रेस्टीज कोटिंग लिमिटेड से खरीदे केमिकल के चार बिल और करीब 10 हजार लीटर तरल पदार्थ डीजल, पेट्रोल केमिकल मिश्रण के साथ बरामद किया है।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शिवराज वर्मा एवं नफीस अहमद द्वारा आपस में मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर एक फर्जी पेट्रोल पम्प संचालित किया जा रहा था, जिसकी जानकारी उन सभी को थी। आरोपी रामबरन द्वारा तेल की व्यवस्था की जाती थी तथा अधिक लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से पेट्रोल एवं डीजल में केमिकल मिश्रित कर उसकी बिक्री की जाती थी।

वे लोग पिछले एक वर्ष से अवैध कार्य कर रहे थे तथा मिश्रित पेट्रोल/डीजल की बिक्री से उन्हें काफी अच्छा मुनाफा प्राप्त होता था। प्राप्त धनराशि को रामबरन, शिवराज, अशरफ एवं राजाबाबू आपस में बराबर बराबर बांट लेते थे तथा पवन एवं बबलू को भी उचित धनराशि दी जाती थी। गिरफ्तार पांचों अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है।