हनुमानगढ़। राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के पल्लू कस्बे में मंगलवार रात पेट्रोल-डीजल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा पल्लू पुलिस थाने के ठीक सामने फोरलेन मेगा हाईवे पर हुआ। टैंकर पलटने के बाद उसमें भरा ईंधन सड़क पर फैलने लगा, जिससे आसपास आग लगने और बड़े हादसे की आशंका पैदा हो गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की तत्परता से स्थिति को संभालने में मदद मिली।
जानकारी के अनुसार टैंकर जयपुर से हनुमानगढ़ की ओर जा रहा था। पल्लू थाना प्रभारी जगदीश कड़वासरा के अनुसार टैंकर अचानक असंतुलित होकर पलट गया। दुर्घटना के बाद चालक को चोटें आईं, वहीं सड़क पर ईंधन फैलने से जोखिम बढ़ गया। पुलिस टीम ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए और हालात को नियंत्रित करने में जुट गई।
पुलिस की सक्रियता के चलते हादसे के बाद उत्पन्न संकट को बढ़ने से रोक लिया गया। बाद में क्रेन की मदद से टैंकर को सीधा करवाया गया और सड़क पर यातायात व्यवस्था को सामान्य करने की कार्रवाई की गई। हादसे में किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है।



