श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर क्षेत्र में एक प्रेम प्रसंग को लेकर दो पक्षों के बीच मंगलवार को हिंसक झड़प होने से एक महिला की मौत हो गई जबकि चार अन्य घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि वार्ड नंबर 19 में सुबह घटना हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां द्रोपती ओड (52) को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों में मृतका के पुत्र राजेश (35), राधा, कमल और मक्खनसिंह शामिल हैं। इन सभी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
सूत्रों ने बताया कि करीब 10 दिन पहले दौलतराम कुम्हार का पुत्र सुनील, राजेश के रिश्तेदारों की बेटी ज्योति को नौकरी दिलाने और फार्म भरवाने का झांसा देकर घर से ले जाकर नदारद हो गया। इसके बाद दोनों युवक-युवती का कोई अता-पता नहीं चल पा रहा है। उसी बात को लेकर इन लोगों में विवाद हुआ।



