अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के बड़ौदामेव थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार को खड़े ट्रेलर से एक कार के टकराने से तीन लोगों की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि अपराह्न चार बजे हादरहेड़ा के पास एक्सप्रेस-वे पर सड़क किनारे एक ट्रेलर खड़ा था, तभी तेज रफ्तार कार उससे पीछे से जा भिड़ी। इस टक्कर से गुरुप्रीत सिंह, सेवक सिंह और सुखमंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संदीप सिंह घायल हो गया।
हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायल युवक को तुरंत अलवर जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार कार में सवार सभी लोग पंजाब के रहने वाले थे और करीब 10 दिन पहले पंजाब से हारवेस्टर मशीन लेकर मध्यप्रदेश गए थे, जहां वे गेहूं कटाई और निकासी का कार्य कर रहे थे। काम पूरा करने के बाद सभी कार से पंजाब के फिरोजपुर जिले के मरखाई गांव लौट रहे थे। इसी दौरान दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर यह हादसा हो गया।



