भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के चार इमली क्षेत्र में रहने वाले आईपीएस संजीव कंचन की 17 वर्षीय बेटी का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना है, हालांकि सभी पहलुओं से जांच जारी है।
सूत्रों के अनुसार संजीव कंचन वर्तमान में एआईजी नार्कोटेक्स के पद पर पदस्थ हैं, जबकि उनकी पत्नी रेणुका कंचन न्यायाधीश के पद पर कार्यरत हैं। घटना मंगलवार दोपहर की बताई गई है।
पुलिस के अनुसार सूचना मिलने पर हबीबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मृतका 11वीं कक्षा की छात्रा थी। जानकारी के अनुसार जिस बेटी ने जान दी उसे आईपीएस संजीव ने 16 साल पहले गोद लिया था।
हबीबगंज थाना प्रभारी संजीव चौकसे ने बताया कि पुलिस मृतका के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और संपर्कों की जांच कर रही है। साइबर सेल की मदद से सोशल मीडिया अकाउंट्स और हालिया गतिविधियों को भी खंगाला जा रहा है।
वही पुलिस मृतका के दोस्तों और सहपाठियों से भी पूछताछ करेगी, ताकि हाल के दिनों में उसके व्यवहार में आए बदलाव अथवा किसी मानसिक तनाव के संबंध में जानकारी मिल सके।
जांच में पढ़ाई के दबाव सहित अन्य संभावित कारणों को भी ध्यान में रखा जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही घटना के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल परिवार के सदस्यों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।



