आइजोल। पूर्वोत्तर राज्य मिजोरम के मामित जिले में सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में मशहूर मीडियाकर्मी और उनकी पत्नी की मौत हो गई। दंपति की कार दापछुआ के पास सड़क से फिसलकर गहरी ढलान से नीचे जा गिरी। हादसे में उनकी तीन वर्षीय बेटी घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतकों की पहचान ललजावना पाचुआउ और उनकी पत्नी ललबियाक्तलुआंगी जोटे के रूप में हुई है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, ललबियाक्तलुआंगी गर्भवती थीं। हादसा सोमवार दोपहर करीब 2:15 से 2:30 बजे के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि परिवार जामुआंग गांव से आइजोल की ओर जा रहा था। इसी दौरान दापछुआ के नजदीक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सड़क से नीचे गहरी ढलान में जा गिरी।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। ललजावना को घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल उनकी पत्नी को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
दंपति की तीन वर्षीय बेटी भी दुर्घटना में घायल हुई। उसे तत्काल मामित अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई। मृतकों के शव अंतिम संस्कार की प्रक्रिया के लिए दापछुआ हॉल में रखे गए, जहां से उन्हें उनके पैतृक गांव ले जाने की तैयारी की गई।
मिजोरम के दूरदराज इलाकों को दुनिया तक पहुंचाते थे ललजावना
ललजावना पाचुआउ मिजोरम के जाने-माने मीडिया कर्मी थे। वे एलपीएस विजन के कार्यक्रम ‘मिजोरम आउटलुक’ से निर्माता के रूप में जुड़े हुए थे। उन्हें राज्य के दूरदराज के गांवों, प्राकृतिक खूबसूरती और ऐतिहासिक स्थलों की यात्रा कर उनके बारे में जानकारी साझा करने के लिए जाना जाता था। वे मिजो यूट्यूबर्स एसोसिएशन के भी सक्रिय सदस्य थे। उनके निधन की खबर से मिजोरम के मीडिया और डिजिटल कंटेंट जगत में शोक व्याप्त है। एक सड़क हादसे में परिवार के दो सदस्यों की असमय मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है।



