जोधपुर। संस्कृत भारती राजस्थान क्षेत्र की ओर से 18 मई से भवानी आदर्श विद्या मन्दिर पाल मार्ग जोधपुर में संचालित प्रशिक्षण वर्ग में आज राजस्थान सरकार के शिक्षा एवं पंचायती राज विभाग मन्त्री मदन दिलावर ने शिरकत की।।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान परम्परा को जानने के लिए संस्कृत भाषा का अध्ययन आवश्यक है। इस वेदवाणी का सामान्य जीवन में प्रयोग करना चाहिए। संस्कृत को सीखना और सिखाना आज के समय की आवश्यकता है। वे प्रशिक्षण वर्ग की गतिविधियों, अनुशासन एवं संस्कृतमय वातावरण को देखकर अत्यंत प्रभावित हुए। उन्होंने वर्ग में चल रहे विविध आयामों का अवलोकन किया तथा संस्कृत भाषा एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु संस्कृत भारती के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर शिक्षामंत्री ने शिक्षार्थियों के साथ आत्मीय वातावरण में भोजन किया। साथ ही वर्ग में आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न विषयों की जानकारी प्राप्त की तथा उसकी प्रशंसा की।
संस्कृत भारती उत्तरपश्चिमक्षेत्र के अध्यक्ष तुलसीदासशर्मा ने बताया कि इस प्रशिक्षण वर्ग में 28 जिलों से प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। यहां से प्रशिक्षण लेने के बाद अपने कार्यक्षेत्र में संस्कृतसम्भाषण शिविर आयोजित करेंगे।
इस कार्यक्रम में जोधपुर कलेक्टर आलोक रंजन, जिला परिषद सीईओ आशीष कुमार मिश्रा, विशेषाधिकारी अभय सिंह राठौड़, क्षेत्र संगठन मंत्री कमल कुमार, क्षेत्र मंत्री तगसिंह राजपुरोहित, प्रशिक्षण प्रमुख राजेन्द्र शर्मा, वर्गाधिकारी रामनिवास शर्मा,वर्ग संयोजक लक्ष्मणसिंह गहलोत सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उत्तर-पश्चिम क्षेत्र अध्यक्ष तुलसीदास शर्मा ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।



