जयपुर। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल), राजस्थान रिफाइनरी में क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (सीडीयू) का पुनर्स्थापन कार्य तेजी से प्रगति पर हैं और रिफाइनरी में एक जून से कमीशनिंग गतिविधियां शुरू हो जाएगी।
राज्य के मुख्य सचिव वी श्रीनिवास द्वारा शुक्रवार को राज्य सरकार, एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड (एचआरआरएल) तथा एचपीसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पचपदरा रिफाइनरी में क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट-सीडीयू के पुनर्स्थापन कार्यों एवं रिफाइनरी परियोजना की प्रगति की समीक्षा के दौरान यह जानकारी दी गई।
बैठक में एचपीसीएल के प्रतिनिधियों ने बताया कि सीडीयू के पुनर्स्थापन कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप तेजी से प्रगति पर हैं। उन्होंने बताया कि एक जून से कमीशनिंग गतिविधियां प्रारंभ कर दी जायेगी तथा रिफाइनरी से विभिन्न पेट्रोलियम उत्पादों की निकासी आगामी कुछ सप्ताहों में प्रारंभ होने की संभावना है।
समीक्षा के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि रिफाइनरी की अन्य प्रमुख ईकाईयां- डीजल हाइड्रोटीटिंग यूनिट (डीएचडीटी), प्रोपलीन फ्लूड कैटेलिटिक क्रैकिंग यूनिट (पीएफसीसीयू), डिलेड कोकिंग यूनिट (डीसीयू) एवं मोटर स्पिरिट ब्लॉक (एमएस ब्लॉक) भी कमीशनिंग के उन्नत चरण में पहुंच चुकी हैं।
श्रीनिवास ने कहा कि रिफाइनरी में उत्पादन शुरू होने से प्रदेश में औद्योगिक विकास को नयी गति मिलने के साथ-साथ ऊर्जा क्षेत्र में राजस्थान की भूमिका और अधिक सशक्त होगी। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 अप्रैल को रिफाइनरी का उद्घाटन करने वाले थे, लेकिन इससे पहले रिफाइनरी के एक हिस्से में आग लग जाने की घटना से यह कार्यक्रम स्थगित हो गया था।



