श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले में दो बुजुर्ग महिलाओं की करंट लगने और सर्पदंश से मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सदर थाना क्षेत्र में चक 01-वाई में शुक्रवार को सुबह 71 वर्षीय सुशीलादेवी को घर में ही काम करते समय एक जहरीले सांप ने डस लिया। पुलिस के अनुसार परिवार वाले सुशीला को तुरंत ही जिला अस्पताल लेकर आये जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जिले के दूरवर्ती नई मंडी घड़साना थाना क्षेत्र में चक 3-जीडी में एक बुजुर्ग महिला पदमादेवी बावरी (75) को घर में कूलर में पानी भरने के लिए मोटर चलाते समय करंट लग गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया,जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
बारिश और ओलावृष्टि के दौरान खेत में अधेड़ मृत मिला
श्रीगंगानगर जिले के लालगढ़ जाटान थाना क्षेत्र में एक खेत में एक व्यक्ति मृत पाया गया। मामले की जांच कर रहे जांच अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान लेखराम बावरी (52) के रूप में हुई है। गुरुवार को शाम बारिश और ओलावृष्टि होने के बाद वह एक खेत में मृत पड़े देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
जांच अधिकारी के अनुसार लेखराम खेतों में मजदूरी का काम करता था। बुधवार देर शाम को वहां से पैदल ही अपने गांव सिहागांवाली को करवाना हुआ था, लेकिन रास्ते में वह पाली बिश्नोई के खेत में रुक गया।
पाली बिश्नोई ने बताया कि गुरुवार सुबह खेत में देखा था। तब वह शराब के नशे में था। शाम को बारिश होने पर वह अपना खेत संभालने गया तो लेखराम वहां मृत पड़ा था। आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।



