भीलवाड़ा में जुए के अड्डे पर पुलिस की दबिश, लाखों रुपए बरामद

0

भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के मांडल थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने एक संयुक्त अभियान के तहत जुए के बड़े रैकेट का भंडाफोड़ करके 16 से अधिक जुआरियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि धुवाला-लागरों का खेड़ा मार्ग पर जुआ संचालित होने की पुख्ता सूचना मिलने पर डीएसटी और स्थानीय पुलिस ने घेराबंदी करके मौके पर दबिश दी। मौके पर घोड़ी दाना (पासा) पर लाखों रुपए के दांव लगाए जा रहे थे।

पुलिस ने बताया कि वहां से छह लाख रुपए से अधिक की बड़ी नकदी मिलने की संभावना है। देर रात तक नकदी की गिनती और कानूनी जब्ती की प्रक्रिया जारी थी। इसके अलावा पुलिस ने जुआरियों के कब्जे से 17 एंड्रॉयड मोबाइल और वहां खड़ी चार कारें भी जब्त की हैं।

पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपी भीलवाड़ा और आसपास के क्षेत्रों के बड़े खाईवाल और जुआरी बताए जा रहे हैं। मामले में देर रात तक मांडल थाने में कार्रवाई और कागजी प्रक्रिया जारी रही।