हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जंक्शन थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात छह से अधिक लोगों ने एक प्रेमी युगल पर हमला कर दिया जिससे एक युवती की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि मनजीतकौर (32) विवाहित है। जंडवाला गांव के निवासी रमजान (40) के साथ उसके पिछले कुछ समय से नाजायज प्रेम संबंध चले आ रहे थे। रमजान के परिवारवालों को कुछ दिन पहले उसके मनजीतकौर के साथ नाजायज संबंध होने का पता चल गया।
रात में मनजीतकौर और रमजान अपने गांव जा रहे थे। वे बाईपास पर एक फास्ट फूड रेस्टोरेंट के पास कुछ खाने का सामान लेकर वहीं सड़क किनारे बैठे खा रहे थे, तभी रमजान के परिवार वालों और रिश्तेदार लाठी-डंडे लेकर आए और दोनों पर हमला कर दिया।
पुलिस ने बताया कि रात करीब 11 बजे मनजीतकौर और रमजान को घायल अवस्था में हनुमानगढ़ टाउन सिविल अस्पताल लाया गया। जहां मनजीत कौर ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दो आरोपियों को पकड़ लिया, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।



