खरगोन : सार्वजनिक शौचालय में महिला ने बच्चे को जन्म दिया

0
भीकनगांव बस स्टैंड पर सार्वजनिक शौचालय के बाहर जच्चा-बच्चा।

खरगोन। मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के भीकनगांव बस स्टैंड स्थित एक सार्वजनिक शौचालय में एक गर्भवती महिला ने बच्चे को जन्म दिया। प्राथमिक उपचार के बाद महिला और नवजात को जिला अस्पताल खरगोन में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

भीकनगांव के ब्लॉक मेडिकल अधिकारी डॉ. विजय वर्मा ने बताया कि बस स्टैंड के सार्वजनिक शौचालय में महिला के प्रसव होने की सूचना मिलने पर तत्काल एंबुलेंस और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम मौके पर भेजी गई। महिला की पहचान झिरनिया विकासखंड के टेड गांव निवासी अनीता के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि अनीता को उसके पति अमर सिंह ने मंगलवार को जिला अस्पताल खरगोन में भर्ती कराया था। बाद में दोनों घर लौट रहे थे। इसी दौरान भीकनगांव पहुंचने पर महिला को प्रसव पीड़ा शुरू हुई और उसने बस स्टैंड के सार्वजनिक शौचालय में बच्चे को जन्म दे दिया।

स्वास्थ्य दल ने मौके पर पहुंचकर महिला और नवजात को प्राथमिक उपचार प्रदान किया तथा एंबुलेंस से जिला अस्पताल खरगोन भेजा। महिला ने 1.8 किलोग्राम वजन के एक बालक को जन्म दिया है।

शासकीय अस्पताल भीकनगांव की नर्सिंग अधिकारी एवं मातृत्व प्रभार प्रभारी ज्योति पिण्डारे ने बताया कि स्वास्थ्य दल ने मौके पर आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी कर जच्चा-बच्चा को अस्पताल पहुंचाया।

जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. चंद्रजीत सांवले ने बताया कि महिला का गर्भकाल लगभग 32 सप्ताह का था और उसे पूर्व में जिला अस्पताल में भर्ती किया गया था। जांच के दौरान पीलिया और अन्य संभावित जटिलताओं को देखते हुए उसे आवश्यकता पड़ने पर इंदौर रेफर किए जाने की संभावना से परिजनों को अवगत कराया गया था।

उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह महिला और उसके परिजन बिना अस्पताल को सूचित किए वहां से चले गए थे। भीकनगांव से सूचना मिलने के बाद महिला और नवजात को पुनः जिला अस्पताल खरगोन भेजा गया, जहां महिला को हाई डिपेंडेंसी यूनिट और नवजात को विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई में भर्ती किया गया है। दोनों की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है।