जयपुर। राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव-2026 के लिए सोमवार को यहां राजस्थान से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार डॉ सतीश पूनियां एवं डॉ अलका गुर्जर ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं भाजपा हरियाणा प्रभारी डॉ पूनियां ने विधानसभा भवन में चुनाव अधिकारी भारत भूषण शर्मा के समक्ष राज्यसभा के लिए अपना नामांकन पत्र भरा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डॉ प्रेम चंद बैरवा मौजूद थे।
इसी तरह भाजपा महासचिव डॉ अलका गूर्जर ने चुनाव अधिकारी के समक्ष राज्यसभा के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया और इस अवसर पर उनके साथ भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे एवं मदन राठौड़ृ मौजूद थे।
इससे पहले दोनों प्रत्याशी भाजपा कार्यालय पहुंचे और वहां मुख्यमंत्री और अन्य नेता भी पहुंचकर इन दोनों उम्मीदवारों को साथ लेकर नामांकन के लिए विधानसभा पहुंचे। इस दौरान विधानसभा भवन में संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल सहित कई मंत्री एवं विधायक मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि 18 जून को राज्यसभा के लिए राजस्थान से तीन सीटों पर होने वाले द्विवार्षिक चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी एवं सांसद नीरज डांगी पहले ही अपना नामांकन पत्र भर चुके हैं और अब तक इन तीन प्रत्याशियों के अलावा किसी उम्मीदवार ने अपना पर्चा दाखिल नहीं किया है।
नामांकन की सोमवार को आखिरी तारीख हैं और इसके बाद मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी तथा 11 जून नाम वापसी की तारीख के बाद इन तीन प्रत्याशियों के ही चुनाव मैदान में होने पर दो भाजपा एवं एक कांग्रेस प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया जाएगा।




