श्रीगंगानगर : बेसमेंट में सीढ़ियों के पास मिली 42 वर्षीय महिला की लाश

0

श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर के कोतवाली थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन और जीआरपी थाने के पीछे स्थित भगतसिंह कॉलोनी में सोमवार को सुबह एक महिला का शव मिला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब साढ़े नौ बजे रेलवे स्टेशन के पीछे सर्किट हाउस के निकट स्थित एक भवन के तहखाने में 42 वर्षीय रचना का शव सीढ़ियों के पास मिला। उसके सिर से खून बह रहा था। स्थानीय कॉलोनीवासियों ने महिला को घायल अवस्था में देखा और तुरंत आपातकालीन सेवा 108 को सूचना दी। एंबुलेंस कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंची, तब तक महिला की मौत हो चुकी थी।

सूचना मिलने पर थाना प्रभारी पृथ्वीपाल सिंह पुलिस दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने भवन के तहखाने का गहन निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली।

मौके पर कार्रवाई पूरी करने के बाद शव पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल के मुर्दाघर में सुरक्षित रखवा दिया गया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज, पड़ोसियों के बयान और अन्य सबूतों के आधार पर पूरी घटना की छानबीन की जा रही है।