तृणमूल कांग्रेस राज्यसभा सांसद सुस्मिता देव ने दिया इस्तीफा

0

कोलकाता। एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम में तृणमूल कांग्रेस की राज्यसभा सांसद सुस्मिता देव ने बुधवार को उच्च सदन से इस्तीफा दे दिया। बढ़ते आंतरिक गतिरोध के बीच पश्चिम बंगाल की पूर्व सत्तारुढ़ पार्टी के लिए यह एक और बड़ा झटका है।

देव का यह इस्तीफा तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य सुखेंदु रॉय के इस्तीफे के दो दिन बाद आया है। इससे पार्टी कार्यकर्ताओं के भीतर पनप रहे असंतोष को लेकर चिंताएं और बढ़ गई हैं।

असम के दिवंगत दिग्गज कांग्रेस नेता संतोष मोहन देव की बेटी सुस्मिता वर्ष 2021 में कांग्रेस छोड़कर तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुई थीं। इसके बाद उन्हें पश्चिम बंगाल से राज्यसभा के लिए नामित किया गया था। बंगाल से बाहर पैर पसारने के तृणमूल कांग्रेस के प्रयासों के तहत उन्हें असम और त्रिपुरा में पार्टी संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गयी थी।

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि उनका इस्तीफा पूर्वोत्तर में पार्टी की महत्वाकांक्षाओं के लिए एक और करारा झटका है। पार्टी नेतृत्व के तमाम प्रयासों के बावजूद तृणमूल कांग्रेस असम या त्रिपुरा में से किसी भी राज्य में कोई खास चुनावी लाभ हासिल करने में नाकाम रही।

राजनीतिक हलकों के सूत्रों ने संकेत दिया है कि सुखेंदु रॉय की तरह सुस्मिता भी आने वाले दिनों में पार्टी नेतृत्व के कामकाज के तौर-तरीकों को लेकर अपना असंतोष सार्वजनिक रूप से जाहिर कर सकती हैं। उनके इस्तीफे के पीछे के कारणों का विवरण देने वाला कोई आधिकारिक बयान अभी तक नहीं आया है।

पश्चिम बंगाल से राज्यसभा में 16 सदस्य जाते हैं, जिनमें से हाल तक तृणमूल कांग्रेस के पास 13 सीटें थीं। हालिया इस्तीफों से खाली हुई इन सीटों पर संसदीय नियमों के अनुसार उपचुनाव कराने की आवश्यकता होगी।