श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर में सूरतगढ़ मार्ग पर स्थित ए-श्रेणी के राजकीय चिकित्सालय की ओपीडी इकाई में बुधवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पूर्वाह्न करीब 10 बजे ओपीडी विंग के एक गलियारे में बिजली पैनल बोर्ड में आग भड़क उठी। आग लगते ही अस्पताल प्रशासन ने तुरंत ओपीडी विंग को खाली करवा लिया। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया गया। इसी दौरान अस्पताल की बिजली व्यवस्था के रखरखाव दल और विद्युत निगम के तकनीकी कर्मचारी भी पहुंच गए। कुछ ही मिनटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन शॉर्ट सर्किट के कारण बिजली पैनल बोर्ड और आसपास की वायरिंग को काफी नुकसान पहुंचा है। ओपीडी विंग में मौजूद कई चिकित्सा उपकरण भी आग की चपेट में आने से प्रभावित हुए हैं।
घटना के समय ओपीडी इकाई मरीजों और उनके परिजनों से खचाखच भरा हुआ था। अचानक आग लगने की सूचना फैलते ही एक बार भगदड़ मचने की स्थिति उत्पन्न हो गई। मरीज और उनके साथ आये लोग तुरंत बाहर लॉन में पहुंच गए। अस्पताल के अधीक्षक भी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने में जुट गए।
आरंभिक जानकारी के अनुसार अत्यधिक गर्मी के चलते ओपीडी विंग के गलियारे में बिजली की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे पैनल बोर्ड में आग भड़क उठी। इस घटना से ओपीडी विंग की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गयी, जिसका सीधा असर चिकित्सा सेवाओं पर पड़ा। मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
अस्पताल प्रबंधन ने ओपीडी में आए मरीजों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर दी, ताकि उनकी जांच-इलाज में ज्यादा देरी न हो। साथ ही खराब हुई वायरिंग और पैनल बोर्ड को ठीक करने का काम तेजी से शुरू कर दिया गया। विद्युत आपूर्ति बहाल करने में कई घंटे लग गए।



