हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के भिरानी थाना क्षेत्र में अमरपुरा गांव के बस अड्डा के पास बने एक पुराने कच्चे कमरे की छत ढह जाने से एक ईंट भट्ठा मजदूर की मौत हो गई, जबकि उसका 12 वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि मृतक मजदूर की पहचान विनोद पहाड़िया (40) निवासी कुतुबपुर पहाड़िया टोला थाना कहलागांव जिला भागलपुर बिहार के रूप में हुई है। वह अमरपुरा गांव के नजदीक एक ईंट भट्टे पर अपने परिवार सहित मजदूरी करता था।
मंगलवार को विनोद के पुत्र की तबीयत ठीक नहीं थी। वह पुत्र को भादरा में डॉक्टर के पास दवा दिलाने के लिए ले गया था। वहां से बस से वापस आकर वे अमरपुरा के टोलनाका पर उतर गए। वहां से अपने भट्ठे की तरफ जाने लगे, तभी तेज आंधी तूफान आ गया। इससे बचने के लिए पिता पुत्र अड्डे के पास बने एक पुराने कच्चे कमरे में चले गए जिसकी सरकंडों से बनी छत कच्ची थी। तूफान की वजह से अचानक इस कमरे की छत रह गयी और पिता-पुत्र मलबे में दब गए।
लोगों ने उनको बाहर निकाला और निकटवर्ती सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद विनोद को मृत घोषित कर दिया। उसके पुत्र की हालत गंभीर होने पर उसे उच्च स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।



