जयपुर। राजस्थान क्रिकेट संघ (आरसीए) ने भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (बीसीसीआई) के आगामी घरेलू क्रिकेट सत्र के विभिन्न आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाली राजस्थान टीम के संभावितों के चयन के लिए आरसीए महिला चयन कमेटी का गठन किया हैं।
आरसीए एडहॉक कमेटी संयोजक डॉ मोहित जसवंत यादव, सदस्य आशीष तिवाड़ी, धनञ्जय सिंह खींवसर, सुशील जैन, अरिष्ट सिंघवी ने इस कमेटी का गठन किया।
डॉ यादव के अनुसार बीसीसीआई की विभिन्न आयुवर्ग की महिला प्रतियोगिताओं की पूर्व तैयारियों के लिए आरसीए द्वारा राज्य स्तरीय सीनियर, अंडर 23 , अंडर 19 एवं अंडर 15 वीमेन प्रतियोगिताओं व गतिविधियों आयोजित की जाएगी।प्रतियोगिताओं में खिलाडियों की प्रतिभा व प्रदर्शन को देखते हुए आरसीए महिला चयन कमेटी राजस्थान टीम के संभावतों का चयन करेगी।
एडहॉक सदस्य आशीष तिवाड़ी के अनुसार आरसीए एडहॉक कमेटी ने राजस्थान वीमेन चयन कमेटी के गठन के लिए राज्य की पूर्व खिलाडियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए थे जिसमें से चयन कमेटी का सदस्य बनने के सभी मापदंडों को पूर्ण करने वाली आवेदकों को पूर्ण पारदर्शी रूप से इंटरव्यू के लिए आरसीए द्वारा आमंत्रित किया था, सभी प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद आज आरसीए एडहॉक कमेटी ने सर्वसम्मति से बीसीसीआई घरेलू क्रिकेट सत्र 2026 -27 के लिए राजस्थान महिला चयन कमेटी का गठन किया।
समिति के सदस्य सुशील जैन के अनुसार इस कमेटी की चेयरपर्सन भारती वर्मा को बनाया गया है। भारती वर्मा ने इंडिया ए टीम का प्रतिनिधित्व किया है। कमेटी में पूनम यादव, कोमल चौधरी, सम्पा मुखर्जी एवं सोफी सिद्दू को सदस्य बनाया गया हैं।



