लॉरेंस बिश्नोई गैंग का कुख्यात सदस्य हरि बॉक्सर अमरीका में हिरासत में, भारत लाने की तैयारी तेज

0

इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस और राजस्थान एजीटीएफ के प्रयासों से मिली सफलता
जयपुर। राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) को संगठित अपराध के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सक्रिय सदस्य और कुख्यात गैंगस्टर हरिचंद जाट उर्फ हरि बॉक्सर को अमरीकी एजेंसी इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (आईसीई) ने अमरीका में हिरासत में ले लिया है। राजस्थान पुलिस अब उसे भारत लाने की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर संगठित अपराधियों और आपराधिक गिरोहों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एटीएस/एजीटीएफ) दिनेश एमएन के निर्देशन में राजस्थान एजीटीएफ ने अमरीकी और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर हरि बॉक्सर की लोकेशन का पता लगाया।

22 आपराधिक मामलों में वांछित, हथियार सप्लाई में भी भूमिका

पुलिस के अनुसार हरिचंद जाट उर्फ हरि बॉक्सर (40) मूल रूप से राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के चतरपुरा गांव का निवासी है। उसके खिलाफ राजस्थान के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, रंगदारी, अवैध हथियार रखने और संगठित अपराध सहित 22 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

जांच एजेंसियों के मुताबिक वह विदेश में रहकर लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा गिरोह के लिए आपराधिक गतिविधियों का संचालन कर रहा था। उस पर गिरोह के सदस्यों को हथियार उपलब्ध कराने, व्यापारियों को धमकाकर रंगदारी वसूलने और रकम नहीं देने वालों को गोलीबारी की धमकियां देने में भूमिका निभाने के आरोप हैं। पुलिस का दावा है कि गिरोह के सदस्य विदेशी मोबाइल नंबरों, व्हाट्सएप और सिग्नल जैसे माध्यमों से वीओआईपी कॉल कर व्यापारियों को निशाना बनाते थे।

दुबई से डोमिनिकन रिपब्लिक और फिर अमेरिका पहुंचा

जांच के दौरान सामने आया कि हरि बॉक्सर अप्रैल 2023 में भारत से फरार हो गया था। वह पहले दुबई पहुंचा और इसके बाद डोमिनिकन रिपब्लिक तथा अन्य देशों के रास्ते मैक्सिको पहुंचा। वहां से कथित तौर पर अवैध प्रवासन के रास्ते अमरीका में प्रवेश किया और कैलिफोर्निया में रहने लगा। राजस्थान एजीटीएफ की टीम लगातार उसकी गतिविधियों और विदेशी ठिकानों की जानकारी जुटा रही थी। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से उसकी लोकेशन का पता लगाकर अमरीकी एजेंसियों को जानकारी उपलब्ध कराई गई।

रेड कॉर्नर नोटिस और 14 इंटरपोल रेफरेंस से घेरा

हरि बॉक्सर को पकड़ने के लिए राजस्थान पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई की। उसके खिलाफ 14 नवंबर 2024 को इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाया गया। इसके बाद सीबीआई के माध्यम से करीब पांच देशों को 14 अलग-अलग इंटरपोल रेफरेंस भेजे गए।

पुलिस ने 21 फरवरी 2025 को प्रोविजनल अरेस्ट रिक्वेस्ट भेजी। इसके बाद 19 अगस्त 2026 को आरोपी के संबंध में अपडेटेड डोजियर और 29 अक्टूबर 2026 को उसके फिंगरप्रिंट अमरीकी एजेंसियों को उपलब्ध करवाए गए। इन लगातार प्रयासों के बाद अमरीकी एजेंसी आईसीई ने उसे हिरासत में लिया।

बॉलीवुड हस्तियों को धमकी और फायरिंग के मामलों में भी आया नाम

हरि बॉक्सर का नाम राजस्थान के अलावा हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में हुई कथित आपराधिक गतिविधियों में सामने आया है। उस पर व्यापारियों से रंगदारी मांगने के अलावा फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित आवास के बाहर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी सोशल मीडिया पर लेने का भी आरोप है। अभिनेता रणवीर सिंह को धमकी देने के मामले में भी उसका नाम सामने आया था।

अब अमरीकी हिरासत के बाद भारतीय एजेंसियों की प्राथमिकता उसे कानूनी प्रक्रिया पूरी कर भारत लाने की है। उसके भारत पहुंचने पर विभिन्न राज्यों में दर्ज मामलों की जांच में महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की संभावना है। राजस्थान पुलिस की इस कार्रवाई को विदेश में बैठकर भारत में आपराधिक नेटवर्क संचालित करने वाले गैंगस्टरों के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर की गई समन्वित कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।