बीकानेर। राजस्थान में बीकानेर जिले के बज्जू थाना क्षेत्र में एक युवती अपने पिता की अचानक हुई मौत का सदमा सह नहीं पाई और उसने पिता का शव देखते ही घर के पास तालाब में छलांग लगा दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पतराम गोदारा सोमवार को बज्जू कस्बे में अपने निर्माणाधीन मकान पर गया था और रात वहीं रुक गया। सुबह करीब नौ बजे जब उसे इस मकान में अचेत अवस्था में पड़ा देखा गया, तो परिवार के सदस्यों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण ह्रदयाघात बताया गया।
शव घर लाने के बाद परिवार में मातम छा गया। भतीजे पवन गोदारा के अनुसार पिता की मौत की खबर सुनकर पूरा घर कोहराम मच गया। पूर्वाह्न करीब 11 बजे शव घर पहुंचा ही था कि पुत्री ऋतु गोदारा (22) भावुक होकर घर के पास खेत में बने तालाब की ओर दौड़ पड़ी और उसमें छलांग लगा दी।
तालाब में कूदते देखकर उसके परिजन और ग्रामीणों ने तुरंत तालाब में कूदकर उसे बाहर निकाला और बज्जू के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, वहां चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। ऋतु स्नातक के पहले वर्ष की छात्रा थी और पिता की अचानक मौत का गहरा सदमा उसे बर्दाश्त नहीं हो सका। दोनों शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए। पतराम गोदारा और पुत्री ऋतु का अंतिम संस्कार एक साथ किया गया।



