जैसलमेर। राजस्थान के जैसलमेर जिले के नाचना क्षेत्र में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के एक एजेंट को गिरफ्तार किया गया हैं।
राजस्थान इंटेलीजेंस के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रफुल्ल कुमार ने मंगलवार को बताया कि नाचना थाना क्षेत्र के खारिया की हिगोला की ढाणी निवास मुस्ताक अली (26) को गिरफ्तार किया गया हैं जिसकी संदिग्ध गतिविधियां सामने आई हैं।
कुमार ने बताया कि यह व्यक्ति सोशल मीडिया पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के हैण्डलर्स से निरंतर संपर्क में था। केन्द्रीय पूछताछ केन्द्र जयपुर पर विभिन्न आसूचना एजेंसियों द्वरा मुस्ताक अली से संयुक्त रुप से की गई पूछताछ एवं मोबाईल फोन से प्राप्त डेटा के आधार पर पाया गया कि मुस्ताक अली लभग दो वर्ष से पाकिस्तानी एजेंसी के हेण्डलर्स के संपर्क में था एवं उनके द्वारा संदिग्ध को बॉर्डर की और जाने वाली मुख्य सड़क पर दुकान खोलकर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) एवं सेना की गतिविधि पर निगरानी रखने का काम दिए जाने पर संदिग्ध द्वारा दुकान की आड़ में बीएसएफ एवं सेना की गतिविधि पर निगरानी रखी जा रही थी।
उन्होंने बताया कि बीएसएफ एवं सेना की गतिविधि को वीडियो एवं फोटो के जरिए पाकिस्तानी हैण्डलर्स को साझा किए जा रहे थे। इसके अतिरिक्त संदिग्ध द्वारा धनराशि की एवज में राष्ट्रीय सुरक्षा को प्रभावित करने वाली अन्य सूचनाएं भी एकत्रित कर पाकिस्तान हैण्डलर्स को साझा की जा रही थी।
संदिग्ध ने धनराशि के प्रलोभन में सामरिक महत्व की सूचनाएं पाकिस्तान खुफिया एजेन्सी को उपलब्ध करवाना प्रमाणित पाए जाने पर राजस्थान इंटेलीजेंस द्वारा शासकीय गुप्त बात अधिनियम 1923 के तहत मुकदमा दर्ज कर मंगलवार को मुस्ताक अली को गिरफ्तार कर लिया।



