श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर के जवाहरनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक मकान के प्रथम तल पर बने कमरे में सीलिंग फैन से निकली चिंगारियों से आग लग गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार परिजनों को ऊपर कमरे में आग लगने का तब पता चला, जब पड़ोस के लोगों ने धुंआ और आग की लपटें निकलती देखीं। इस पर परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन जब सफलता नहीं मिली तो दमकल विभाग को सूचना दी गयी। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर करीब आधे घंटे में काबू पा लिया।
सूत्रों ने बुधवार को बताया कि सुखड़ियानगर के सेक्टर नंबर एक में अमनदीप जसूजा के मकान में शाम को आग लगने की यह घटना हुई है। घटना के समय ऊपर वाले कमरे में कोई नहीं था। इस कमरे का पंखा चलता हुआ छोड़ दिया गया था, जो काफी देर तक चलता रहा, जिससे उसकी मोटर और वायरिंग गर्म हो गई। पंखे से चिंगारियां निकलने लगीं।
नीचे बिस्तर पर चिंगारियां गिरने से कमरे में आग लग गई। आग से डबल बेड और उसका गद्दा पूरी तरह से जल गए। स्थानीय लोगों और दमकलकर्मियों ने कमरे में अलमारियों एवं उसमें रखे सामान को बचा लिया, फिर भी आग लगने से काफी नुकसान हो गया।



