खैरथल-तिजारा। राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के भिवाड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोशल मीडिया पर घरेलू समस्याओं के समाधान और गृहशांति का झांसा देकर लाखों रुपए और सोने के आभूषण ठगने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि आरोपी के कब्जे से ठगी की रकम में से एक लाख एक हजार रुपए बरामद किए हैं। ठगी करीब 20 लाख की थी। पुलिस अधीक्षक बृजेश उपाध्याय ने सोमवार को बताया कि वांछित आरोपी विनोद भार्गव उर्फ सौरभ (29) निवासी सीकर को गिरफ्तार किया है। आरोपी को उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से पकड़कर भिवाड़ी लाया गया।
उन्होंने बताया कि पीड़ित अर्जुन सिंह ने शिकायत दर्ज कराई कि उसकी पत्नी सीमा घरेलू परेशानियों और गृहशांति के उपाय तलाश रही थीं। इसी दौरान फेसबुक पर उनकी बातचीत असलम, टीना किन्नर और कथित बड़े गुरुजी से हुई।
आरोपियों ने दावा किया कि विशेष पूजा-पाठ से सभी समस्याओं का समाधान हो जाएगा, जिसके लिए मोटी रकम खर्च करनी पड़ेगी। इसके बाद आरोपियों ने लगातार झांसा देकर उससे सोने के आभूषण सहित करीब 20 लाख रुपए ठग लिए।



