मेघालय के पूर्व कांग्रेस विधायक महेंद्रो रापसांग भाजपा में शामिल

0

शिलांग। मेघालय में कांग्रेस के पूर्व विधायक महेंद्रो रापसांग मंगलवार को यहां औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए।

रापसांग अपने समर्थकों के साथ मेघालय राज्य भाजपा अध्यक्ष रिकमैन जी. मोमिन और कैबिनेट मंत्री सनबोर शुलई समेत कई अन्य नेताओं की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए।

रापसांग ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मेघालय और भारत की प्रगति के लिए काम करने के उद्देश्य से भाजपा में शामिल हुआ हूं। हम अपनी इस साझा यात्रा को मेघालय और भारत के लिए प्रगति, समृद्धि तथा गौरव की कहानी बनाने का प्रयास करेंगे।

पूर्व कांग्रेस विधायक ने 2023 का विधानसभा चुनाव नेशनल पीपल्स पार्टी (एनपीपी) के चिन्ह पर लड़ा था। तब वह यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी के वरिष्ठ नेता पॉल लिंगदोह से 3,485 मतों के अंतर से हार गए थे।

उन्होंने कहा कि अब मेरा ध्यान जमीनी स्तर की आकांक्षाओं पर होगा। भाजपा ने यह स्पष्ट कर दिया है कि हमें लोगों की आकांक्षाओं को सुनना चाहिए। मैं इसी उद्देश्य के साथ इसे आगे ले जाऊंगा। मैं लोगों के कल्याण के लिए ईमानदारी से काम करने के प्रति प्रतिबद्ध रहूंगा।

इस बीच मेघालय प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने संकेत दिया कि राज्य के और भी राजनीतिक नेता भाजपा में शामिल होंगे। इस संबंध में उन्होंने और अधिक विवरण देने से इनकार कर दिया। साठ सदस्यीय मेघालय विधानसभा में सत्तारूढ़ नेशनल पीपल्स पार्टी (एनपीपी) के नेतृत्व वाली सरकार की छोटी सहयोगी भाजपा के दो विधायक अलेक्जेंडर लालू हेक और सनबोर शुलई हैं।