हनुमानगढ़ में एआई से आपत्तिजनक वीडियो बनाकर युवक से लाखों रुपए ऐंठे

0

हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के फेफाना थाना क्षेत्र में एक युवक को उसकी कृत्रिम बुद्धमत्ता (एआई) से बनाई गई आपत्तिजनक वीडियो और फोटो डिलीट करवाने के नाम पर ब्लैकमेलिंग करके लाखों रुपए ऐंठने का मामला सामने आया है।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि पीड़ित युवक ने मंगलवार देर शाम मामला दर्ज कराते हुए पुलिस को बताया कि उसे अज्ञात व्यक्तियों द्वारा पिछले दो महीने से ब्लैकमेल किया जा रहा है। गत 22 अप्रैल को ब्लैकमेलिंग का सिलसिला शुरू हुआ और उससे अब तक लाखों रुपए अज्ञात व्यक्ति ऑनलाइन विभिन्न बैंक खातों से ले चुके हैं।

पुलिस ने बताया कि 22 अप्रैल को किसी व्यक्ति ने पीड़ित युवक को उसकी अश्लील वीडियो और फोटो होने की धमकी देते हुए उसे डिलीट करने की एवज में 15 हजार और फिर 18 हजार रुपए ऐंठ लिए। इसके बाद यह सिलसिला निरंतर शुरू हो गया।

कुछ दिन पहले अज्ञात आरोपियों ने उसे मोबाइल फोन पर उसका अश्लील वीडियो और फोटो भी भेजा, जो देखने पर पता चला कि इसे एआई द्वारा बनाया गया है। आरोपी उसे बार-बार धमकी दे रहे हैं कि रुपए नहीं दिए तो वे उसका फोटो और वीडियो सोशल मीडिया में वायरल कर देंगे। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।