गलती से पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में घुसा एयर इंडिया का विमान

0

अमृतसर/नई दिल्ली। टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया का एक विमान सोमवार रात गलती से पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर गया, हालांकि इसका एहसास होते ही वह तुरंत वापस भारतीय सीमा में लौट आया।

एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने एक बयान जारी कर बताया कि 22 जून को उड़ान संख्या एआई-479 दिल्ली से अमृतसर पहुंची थी। उतरने से पहले आसपास के क्षेत्र में चक्कर लगाने के क्रम में विमान कुछ देर के लिए पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर गया।

सूत्रों ने बताया कि उस समय अमृतसर हवाई अड्डे पर काफी ट्रैफिक था, इसलिए उतरने के लिए इंतजार कर रही सभी उड़ानों से होल्ड करने के लिए कहा गया था। ऐसी स्थिति में विमान आसपास के इलाके में ही चक्कर लगाते हैं।

चालक दल के सदस्यों को पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में चले जाने का जब पता चला तो उन्होंने विमान को वापस भारतीय सीमा की तरफ मोड़ लिया। उन्होंने कहा कि अमृतसर हवाई अड्डा पाकिस्तानी सीमा के काफी करीब है, और कई बार गलती से ऐसा हो जाता है।

प्रवक्ता ने बताया कि घटना की जानकारी नियामक एजेंसियों को दे दी गई है। साथ मामले की आंतरिक जांच भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि एयर इंडिया के लिए यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा पहली प्राथमिकता है।

उल्लेखनीय है कि दोनों देशों ने एक-दूसरे की एयरलाइंस के लिए अपने हवाई क्षेत्र बंद कर रखे हैं। इसके बावजूद, खराब मौसम या इस तरह की किसी आपात स्थिति में भारत पाकिस्तानी विमानों को अपने हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने की अनुमति देता रहा है। इसी महीने फ्लाई जिन्ना एयरलाइंस और मई में पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस की एक-एक उड़ान को भारतीय सीमा में प्रवेश की अनुमति दी गई थी।