बारां। राजस्थान में बारां जिले के जलवाड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार को खलदा मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से मोटर साइकल पर सवार एक युवक की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जलवाड़ा-खलदा रोड पर पुरुषोत्तम बंजारा मोटर साइकिल से जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से मोटर साइकल टकरा गई। आमने सामने की टक्कर से पुरुषोत्तम बंजारा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव नाहरगढ़ अस्पताल भिजवाया।
अस्पताल पहुंचने पर मृतक के परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता देने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों ने स्पष्ट कहा कि जब तक प्रशासन की ओर से सहायता का आश्वासन नहीं दिया जाएगा, तब तक वे पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे। मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों एवं ग्रामीणों से समझाकर कानूनी प्रक्रिया पूरी कराने का प्रयास किया।



