प्रवर्तन निदेशालय ने कर्नाटक में बेनामी शराब लाइसेंस रैकेट का भंडाफोड़ किया

1

बेंगलूरु। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कर्नाटक के आबकारी विभाग के भीतर चल रहे एक व्यापक और कथित बेनामी शराब लाइसेंस रैकेट का पर्दाफाश करने का दावा किया है। एजेंसी ने अधिकारियों, बिचौलियों और उनके सहयोगियों के एक ऐसे संगठित नेटवर्क की ओर इशारा किया है जो कथित तौर पर अवैध लाइसेंसिंग और रिश्वतखोरी की गतिविधियों में शामिल था।

एजेंसी के अनुसार गुरुवार को राज्य भर में 14 स्थानों पर की गई छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में अघोषित संपत्ति जब्त की गई है। इसमें 5.5 करोड़ रुपये नकद, लगभग 7.8 करोड़ रुपए का सोना और 3.3 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य की विदेशी मुद्रा शामिल है। अधिकारियों ने 100 से अधिक संदिग्ध बेनामी आबकारी लाइसेंसों से जुड़े रिकॉर्ड भी बरामद किए हैं।

ईडी का आरोप है कि इस रैकेट में बिचौलिये वाइन शॉप, पब और बार जैसे शराब बिक्री केंद्रों से मासिक अवैध वसूली करते थे। कथित तौर पर यह धन विभाग के अधिकारियों के बीच वितरित किए जाने से पहले सहयोगियों के माध्यम से भेजा जाता था।

जांचकर्ताओं का यह भी दावा है कि यह नेटवर्क न केवल पैसों के बदले लाइसेंस के नवीनीकरण और नए परमिट जारी करने की सुविधा प्रदान करता था, बल्कि सहयोगियों और परिवार के सदस्यों के नाम पर बेनामी लाइसेंस भी तैयार करता था। कथित तौर पर इन लाइसेंसों को व्यावसायिक लाभ के लिए इच्छुक पक्षों को किराए पर या स्थानांतरित कर दिया जाता था।

एजेंसी ने कहा कि बही-खाते, पेन ड्राइव, बैंक रिकॉर्ड और धन के वितरण का विवरण देने वाले दस्तावेजों सहित डिजिटल और भौतिक सबूत जब्त किए गए हैं, और इस कथित नेटवर्क के पूर्ण विस्तार का पता लगाने के लिए उनकी जांच की जा रही है।

जांच के सिलसिले में बेलगावी संभाग के अपर आबकारी आयुक्त वाई डी मंजूनाथ का नाम सामने आया है, और बेलगावी, बेंगलूरु तथा मैसूरु में उनके सहयोगियों से जुड़े परिसरों पर भी छापेमारी की गई है। मंजूनाथ कर्नाटक के मंत्री सतीश जारकीहोली की पत्नी के भाई हैं।

प्रवर्तन निदेशालय संदिग्ध आय से अधिक संपत्ति और धन शोधन के दृष्टिकोण से अपनी जारी जांच के तहत, जांच के दायरे में आए लोगों से जुड़े निवेशों और आतिथ्य व्यवसायों की भी जांच कर रहा है। अधिकारियों ने कहा कि जांच जारी है और वित्तीय लेन-देन तथा स्वामित्व के ढांचे की सूक्ष्मता से जांच होने के बाद आगे के विवरण सामने आने की उम्मीद है।