झुंझुनूं। खेतड़ी में एक युवक ने जमीन विवाद को लेकर अपने पिता की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि महावीर प्रसाद (65) की हत्या की गई है। उसके पुत्र शमशेर सिंह (38) को पकड़ लिया गया है।
उन्होंने बताया कि रात करीब साढ़े दस 10 बजे महावीर प्रसाद धर्मशाला के पास बैठे थे। इसी दौरान शमशेर सिंह वहां आया और पिता से मारपीट करने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन शमशेर सिंह रुका नहीं और अपने पिता को पीटता रहा और घसीटते हुए सड़क पर ले आया।
इसके बाद उसने वहां खड़े ट्रैक्टर से पिता को कुचल दिया। इससे महावीर प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें तुरंत खेतड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि पिता और बेटे के बीच ढोसी गांव में 30 बीघा जमीन को लेकर तीन वर्ष से विवाद चल रहा है। महावीर प्रसाद चाहते थे कि ये जमीन चारों बेटियों और बेटे शमशेर में बराबर बांटी जाए जबकि शमशेर पूरी जमीन पर अपना हक चाहता था। मामले को लेकर कई बार रिश्तेदारों ने समझाया भी था। महावीर प्रसाद खेती करते थे।



