भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर के सेवर थाना क्षेत्र में 24 जून को एक सुनसान खाली भूखंड में नाले के पास झाड़ियों में मिले एक बुजुर्ग के शव की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने हत्या की साजिश रचने और वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि तंत्र-विद्या का काम करने वाले कालीचरण (65) की हत्या की साजिश अंधविश्वास और शक में मृतक के साढू के लड़के राजकुमार उर्फ राजू ने रची थी। उसने अपने साले श्रीकृष्ण और उसके दोस्त वीरेंद्र सिंह के साथ मिलकर कालीचरण को मौत के घाट उतरवाया।
बताया गया कि राजकुमार को शक था कि उसके बेटे सत्यम का तंत्रमंत्र से इलाज करने वाले मृतक कालीचरण ने ही इलाज करने की जगह तंत्र-विद्या का कोई प्रयोग करके उसे बीमार कर रखा है और वह उसे जानबूझकर ठीक नहीं कर रहा है।



