नागरकोइल रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन के खाली डिब्बे में मिला महिला का शव, रेप के बाद हत्या की आशंका

0

चेन्नई। तमिलनाडु के नागरकोइल जंक्शन रेलवे स्टेशन पर खड़ी एक ट्रेन के खाली डिब्बे में महिला का सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी फैल गई। पोस्टमार्टम में महिला की हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है, जबकि उसके साथ यौन उत्पीड़न किए जाने की भी आशंका जताई गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने स्वतः संज्ञान लेते हुए तमिलनाडु के पुलिस महानिदेशक महेश कुमार अग्रवाल से सात दिन के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है।

रेलवे पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। दूसरी ओर, मृतका की पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस को महिला की अंगूठी पर बने हॉलमार्क से उसकी पहचान का सुराग मिलने की उम्मीद है।

चार दिन बाद कोच में मिला शव

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार तिरुवनंतपुरम से 11 नवंबर को नागरकोइल पहुंची एक यात्री ट्रेन में हैंड ब्रेक से संबंधित खराबी आने के कारण उसे रेलवे यार्ड में खड़ा किया गया था। मरम्मत के बाद जब कर्मचारी ट्रेन को आगे की यात्रा के लिए तैयार कर रहे थे और डिब्बों की सफाई कर रहे थे, तभी एक कोच से दुर्गंध आने पर जांच की गई। इस दौरान सीट के नीचे महिला का शव मिला।

शव काफी खराब अवस्था में था। उसे पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम में महिला की पसलियों और पेल्विक हड्डियों में फ्रैक्चर सामने आए। चिकित्सकीय जांच के आधार पर पुलिस ने इसे हत्या का मामला माना और यौन उत्पीड़न की आशंका के पहलू पर भी जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस

रेलवे पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष टीमें गठित की थीं। नागरकोइल जंक्शन और रेलवे यार्ड में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को एक संदिग्ध युवक के बारे में जानकारी मिली। द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने कन्नियाकुमारी जिले के चेंबगरामनपुदुर निवासी 31 वर्षीय जे अय्यप्पन को गिरफ्तार किया है।

महिला आयोग ने रेलवे सुरक्षा पर उठाए सवाल

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर ने तमिलनाडु के डीजीपी महेश कुमार अग्रवाल को पत्र लिखकर मामले की निष्पक्ष, विस्तृत और समयबद्ध जांच कराने को कहा है। आयोग ने सात दिन के भीतर विस्तृत एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने जांच एजेंसियों से निम्न बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने को कहा है:

– रेलवे स्टेशन और यार्ड के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखे जाएं।
– घटनास्थल से जुड़े फोरेंसिक साक्ष्यों को संरक्षित किया जाए।
– खाली खड़े रेल डिब्बों की नियमित निगरानी सुनिश्चित हो।
– रात के समय रेलवे परिसरों में गश्त बढ़ाई जाए।
– जीआरपी, आरपीएफ और रेलवे प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए।
– मृतका की पहचान कर उसके परिजनों का पता लगाया जाए।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि रेलवे परिसर और सार्वजनिक परिवहन में महिलाओं की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता। ऐसी घटनाओं में जवाबदेही तय करने और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए त्वरित कार्रवाई जरूरी है। इस घटना ने रेलवे स्टेशनों पर खड़े खाली डिब्बों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब मामले की जांच के साथ-साथ रेलवे परिसर में महिलाओं की सुरक्षा के इंतजामों की समीक्षा पर भी ध्यान केंद्रित हो गया है।